सूरजगढ़ नगर पालिका का तकनीकी विशेषज्ञ 10 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

जयपुर, 9 अक्टूबर (Udaipur Kiran News). भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ नगर पालिका में कार्यरत शहर स्तरीय तकनीकी विशेषज्ञ दीपक टेलर को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.

Jhunjhunu ACB raid

एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर झुंझुनूं इकाई ने यह कार्रवाई की. आरोपी दीपक टेलर कम्पनी के माध्यम से नगर पालिका सूरजगढ़ में कार्यरत था और उसने परिवादी से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत राशि के भुगतान के बदले रिश्वत मांगी थी.

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि परिवादी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2.50 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे. इसमें से एक लाख रुपये का भुगतान पहले ही हो चुका था, जबकि शेष 1.50 लाख रुपये जारी कराने के एवज में दीपक टेलर ने 40,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी.

रिश्वत मांग की पुष्टि के बाद 6 अक्टूबर को सत्यापन किया गया, जिसमें आरोपी ने परिवादी से स्वीकृत एक लाख रुपये की राशि के बदले 10,000 रुपये रिश्वत देने को कहा था. इसी सिलसिले में आज यानी 9 अक्टूबर को एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए दीपक टेलर को परिवादी से 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा. आरोपी ने यह राशि अपनी पैंट की जेब में रखी थी, जिसे मौके पर बरामद कर लिया गया.

इस कार्रवाई की निगरानी एसीबी जयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के सुपरविजन में की गई, जबकि झुंझुनूं एसीबी के उप अधीक्षक शब्बीर खान ने अपनी टीम के साथ ट्रैप ऑपरेशन को अंजाम दिया.