Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

राजस्थान: शराब व्यापारी पर जानलेवा हमला, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार — 25-25 हजार के इनामी बदमाश थे दोनों

जयपुर, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News). कोटा शहर में शराब व्यापारी संदीप सोलंकी पर 2 अक्टूबर को हुए जानलेवा हमले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. कैथूनीपोल थाना पुलिस ने इस सनसनीखेज फायरिंग और चाकूबाजी की वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपियों — मनीष कुमार नरवाल (22) और अब्दुल तोसिब उर्फ तोसिबा (19), दोनों निवासी कैथूनीपोल — को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था.

शराब व्यापारी

हमला पुरानी रंजिश का नतीजा
Superintendent of Police कोटा शहर तेजस्वनी गौतम ने बताया कि 2 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे शराब व्यापारी संदीप सोलंकी पर चार हमलावरों ने मोटरसाइकिल से पहुंचकर ताबड़तोड़ फायरिंग की. गोलियां उनके कमर और पैरों में लगीं, इसके बाद बदमाशों ने लात-घूंसों और चाकू से भी हमला किया, जिससे उनकी जांघ पर गहरी चोट आई. घटना के बाद से ही विशेष पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं.

जांच में सामने आया कि यह हमला गैंग्स के बीच पुरानी खूनी रंजिश का परिणाम था. आरोपी मनीष नरवाल और तोसिबा का विवाद पीड़ित सोलंकी के भांजे तुषार से चल रहा था. वर्ष 2024 में तुषार पर चाकू से हमला हुआ था, जिसके बाद संदीप सोलंकी ने बदला लेने के लिए आरोपियों के साथियों के घर पर फायरिंग की थी. इसके बाद से दोनों पक्षों में लगातार दुश्मनी बनी हुई थी.

इसी रंजिश के चलते 6 अगस्त को भी मनीष नरवाल और अब्दुल तौसीब ने अपने साथियों के साथ सोलंकी के घर जाकर तलवारों से हमला किया, वाहनों में तोड़फोड़ की और गोदाम से रुपए लूट लिए थे. लगातार जारी इस दुश्मनी के कारण दोनों ने सोलंकी की हत्या की साजिश रची और 2 अक्टूबर को हमला किया.

इंस्टाग्राम कॉल से दी जाती थी लोकेशन
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के समय एक नाबालिग आरोपी, जो सोलंकी के घर के पास रहता है, इंस्टाग्राम कॉल के जरिए आरोपियों को पल-पल की जानकारी दे रहा था कि सोलंकी कब घर से बाहर निकले.

जंगल में भागते हुए पकड़े गए आरोपी
मुखबिर की सूचना पर थानाधिकारी पुष्पेन्द्र बंसीवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 15 अक्टूबर की रात को रावतभाटा रोड पर घेराबंदी की. पुलिस को देखकर आरोपी मोटरसाइकिल से जंगल की ओर भागने लगे, लेकिन कच्चे रास्ते पर तेज गति के कारण उनकी बाइक फिसल गई और दोनों घायल हो गए. उन्हें तुरंत एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां मनीष नरवाल के पैर में फ्रैक्चर और अब्दुल तौसीब के पैर में गंभीर चोट आई. इलाज के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया.

पुलिस ने मौके से खाली कारतूस, जिंदा गोलियां और टूटा हुआ चाकू बरामद किया है. इस मामले में शामिल दो नाबालिगों को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है. अब पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त हथियार और मोटरसाइकिल बरामद करने के लिए गहन पूछताछ कर रही है.