Skip to content
Thursday, 15 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

श्रीविश्वकर्मा मंदिर में छप्पन भोग और महाआरती के साथ मनाया गया नूतन वर्ष उत्सव

बड़ोदिया. दीपावली के शुभ अवसर पर कस्बे के श्रीविश्वकर्मा मंदिर परिसर में नूतन वर्ष उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया. सुबह भगवान श्रीविश्वकर्मा को छप्पन भोग अर्पित किए गए, जबकि शाम को आयोजित भव्य महाआरती और सामूहिक आतिशबाजी ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया.

श्रीविश्वकर्मा मंदिर

नूतन वर्ष पर मंदिर में त्रिनेत्रधारी भगवान श्रीविश्वकर्मा, वेदमाता गायत्री, विघ्नहर्ता गणेश, शिव परिवार और हनुमानजी की प्रतिमाओं का आकर्षक श्रृंगार किया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा.

इस अवसर पर श्रीविश्वकर्मा मंदिर के विकास कार्यों की समीक्षा की गई. समाज के श्रेष्ठ भामाशाह के रूप में सुरेशचंद्र भूराजी सुथार का सम्मान समाज अध्यक्ष लीलाराम शर्मा और प्रेमशंकर सुथार ने उपरणा एवं पगड़ी पहनाकर किया.

कार्यक्रम का संचालन भूपेश सुथार ने किया. इस मौके पर हीरालाल सुथार, मनोहरलाल, प्रवीण, चंद्रमोहन, रमेश, जगदीश, किशोर सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे. शाम को मंदिर परिसर भक्तिमय संगीत, दीपों की रोशनी और रंगीन आतिशबाजी से देर रात तक श्रद्धा और आनंद के माहौल में डूबा रहा.