बीकानेर में पटवारी अम्बालाल मीणा और ई-मित्र संचालक श्रीराम 4,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
जयपुर, 30 अक्टूबर (Udaipur Kiran). भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय के निर्देश पर बीकानेर एसयू इकाई की टीम ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पांचू हल्का पटवारी अम्बालाल मीणा और महादेव ई-मित्र संचालक श्रीराम जाट को 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.

एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी बीकानेर एसयू को एक शिकायत प्राप्त हुई थी कि परिवादी की पांचू स्थित कृषि भूमि में बिजली के टावर के नीचे आई भूमि का मुआवजा प्राप्त करने के लिए चौथी किश्त (लगभग 50,000 रुपये) दिलवाने की एवज में पटवारी अम्बालाल मीणा ने 4,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी. यह राशि ई-मित्र संचालक श्रीराम जाट के माध्यम से देने को कहा गया था.
शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई. बीकानेर रेंज के उप महानिरीक्षक भुवन भूषण यादव के पर्यवेक्षण में अतिरिक्त Superintendent of Police आशीष कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए ई-मित्र संचालक श्रीराम जाट को परिवादी से 4,000 रुपये रिश्वत राशि स्वीकार करते हुए पकड़ा. इसके बाद पटवारी अम्बालाल मीणा और श्रीराम जाट, दोनों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया.
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपियों से पूछताछ जारी है. उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.



