झुंझुनूं: पुलिस थाना बुहाना में हैड कांस्टेबल 20,000 रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

जयपुर, 15 नवंबर (Udaipur Kiran). एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर ACB चौकी झुंझुनूं ने आज कार्रवाई करते हुए Police Station बुहाना, जिला झुंझुनूं में तैनात हैड कांस्टेबल संतोष (कानी. नं. 2549) को 20,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया.

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि ACB झुंझुनूं को परिवादी की ओर से शिकायत मिली थी कि उसके, उसके भाई और चाचा के खिलाफ दर्ज आपसी विवाद के मामले की जांच हैड कांस्टेबल संतोष कर रही थीं. आरोप था कि वह परिवादी और उसके भाई का नाम हटाने तथा परिवादी के भाई को गिरफ्तार न करने के बदले 30,000 रुपये की रिश्वत मांगकर परेशान कर रही थीं.

शिकायत पर गोपनीय सत्यापन के दौरान आरोपिया ने परिवादी से 10 नवंबर 2025 को 3,000 रुपये और 14 नवंबर 2025 को 7,000 रुपये ले लिए थे. रिश्वत मांग की पुष्टि के बाद आज 15 नवंबर 2025 को ट्रैप कार्रवाई की गई. कार्रवाई के दौरान आरोपिया संतोष ने परिवादी से 20,000 रुपये लेकर अपनी स्वेटर की दाहिनी जेब में रख लिए, जहां से पूरी राशि बरामद की गई. मौके पर अग्रिम कार्रवाई प्रगति पर है.

इस ऑपरेशन को DIG ACB जयपुर रेंज राजेश सिंह के सुपरविजन में, ACB झुंझुनूं के उप अधीक्षक पुलिस शब्बीर खान और उनकी टीम ने अंजाम दिया.

ACB की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपिया से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है. प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी.