कोटा में फिर हादसा: आकाश कोचिंग इंस्टीट्यूट के छात्र की संदिग्ध मौत, बिस्तर पर मिला शव
कोटा, 26 अक्टूबर (Udaipur Kiran News)। शिक्षा नगरी कोटा से एक और कोचिंग छात्र की संदिग्ध मौत की खबर सामने आई है। आकाश कोचिंग इंस्टीट्यूट में पढ़ने वाले रोशन कुमार यादव (24) का शव शनिवार को जवाहर नगर थाना क्षेत्र स्थित एक हॉस्टल के कमरे में संदिग्ध अवस्था में मिला। पुलिस ने शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और परिजनों को सूचना दे दी है। उनके कोटा पहुंचने के बाद रविवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।

ओडिशा से आया था नीट की तैयारी करने
मूल रूप से अभयापुर, जिला गंजम (ओडिशा) निवासी रोशन कुमार छह महीने पहले नीट (NEET) परीक्षा की तैयारी के लिए कोटा आया था। वह अपने ममेरे भाई युवराज के साथ युवा हाइट्स हॉस्टल की चौथी मंजिल पर रह रहा था। दोनों छात्र नीट की तैयारी में जुटे हुए थे।
कमरे में बंद मिला, दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस
एएसआई जवाहर सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे सूचना मिली कि राजीव गांधी नगर स्थित युवा हॉस्टल में एक छात्र अचेत पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को एमबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक के पास उल्टियां पड़ी हुई थीं, जिससे संदेह है कि मौत अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने या किसी अन्य कारण से हुई हो सकती है। फिलहाल एफएसएल और मेडिकल ऑफिसर टीम जांच में जुटी है।
ममेरे भाई ने बताई आखिरी रात की जानकारी
मृतक के ममेरे भाई युवराज ने बताया कि “हम दोनों रात करीब 12 बजे तक पढ़ाई कर रहे थे। सुबह 10 बजे मैं उसे नाश्ते के लिए उठाने गया, लेकिन अंदर से दरवाजा बंद था। मैंने फोन पर उसके माता-पिता को इसकी जानकारी दी और कोचिंग चला गया। दोपहर करीब 1:30 बजे जब मैं वापस आया और उसे खाने के लिए बुलाया, तो कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर मैंने हॉस्टल की दूसरी चाबी से दरवाजा खोला, तो वह पलंग पर अचेतावस्था में पड़ा मिला।”
हॉस्टल में रहते हैं 40 से 50 छात्र
हॉस्टल के वार्डन के अनुसार, जहां यह घटना हुई वहां लगभग 40 से 50 छात्र रहते हैं। घटना के बाद सभी छात्र सदमे में हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या या आकस्मिक मृत्यु, दोनों ही कोणों से जांच जारी है।



