Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

बाराँ नगर परिषद आयुक्त और सहायक अग्निशमन अधिकारी 2.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

जयपुर, 18 अक्टूबर (Udaipur Kiran News)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी कोटा इकाई ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर परिषद बाराँ के आयुक्त मोती शंकर नागर और सहायक अग्निशमन अधिकारी उवेश शेख को दो लाख पचास हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

Baran Municipal Commissioner

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि एसीबी कोटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को 9 अक्टूबर 2025 को एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसे व्यापार करने में कोई बाधा न देने के बदले आरोपी अधिकारी 5 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे थे और बार-बार परेशान कर रहे थे।

शिकायत के आधार पर 15 अक्टूबर और 17 अक्टूबर को रिश्वत मांगने का सत्यापन कराया गया, जो सही पाया गया। इसके बाद, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो कोटा के उप महानिरीक्षक पुलिस श्री आनंद शर्मा के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजय स्वर्णकार के नेतृत्व में आज 18 अक्टूबर 2025 को उप अधीक्षक पुलिस श्री ताराचंद (ACB इंटेलिजेंस कोटा) के निर्देशन में ट्रैप की कार्रवाई की गई।

इस दौरान परिवादी से उवेश शेख ने अपने कार्यालय में ₹2.50 लाख की रिश्वत ली और रकम को अपनी स्कूटी की डिक्की में रखकर रवाना हुआ। उसी समय ट्रैप दल ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। वहीं, आयुक्त मोती शंकर नागर को उनके सरकारी आवास से डिटेन किया गया।

उप महानिरीक्षक पुलिस श्री आनंद शर्मा के सुपरविजन में दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। एसीबी ने इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया है।