बाड़मेर में केसर कालवी गैंग पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 2 हिस्ट्रीशीटर समेत 6 बदमाश गिरफ्तार
जयपुर, 28 अक्टूबर (Udaipur Kiran)। बाड़मेर जिले में पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार सक्रिय संगठित आपराधिक गैंग के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बाड़मेर ग्रामीण और सदर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए केसर कालवी गैंग के छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो कुख्यात हिस्ट्रीशीटर भी शामिल हैं। इस प्रकरण में अब तक तीन हिस्ट्रीशीटर सहित कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पूर्व सरपंच प्रतिनिधि पर हमला और लूट का मामला
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि 2 अक्टूबर की रात पूर्व सरपंच प्रतिनिधि स्वरूप सिंह राजपूत निवासी परो ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि जब वह अपने गांव से बाड़मेर लौट रहे थे, तब मारूड़ी के चेतक सर्कल पर ‘केसर कालवी ग्रुप महाबार’ लिखी 8 से 10 गाड़ियों में सवार 15-20 लोगों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारकर रोक लिया। बदमाशों ने उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की, उन पर पिस्टल तान दी और गले से करीब 5 तोले की सोने की चेन लूट ली। साथ ही उन्हें बेरहमी से पीटा गया। इस संबंध में बाड़मेर ग्रामीण थाने में विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और टीम गठन
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसा राम बोस और सीओ रमेश कुमार शर्मा के निर्देशन में थानाधिकारी ग्रामीण राजूराम और थानाधिकारी सदर सुमेर सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने नामजद आरोपियों के ठिकानों पर लगातार दबिश दी। पहले चरण में हाकमसिंह राजपूत (हिस्ट्रीशीटर) और डूंगरसिंह रावणा राजपूत को गिरफ्तार किया गया था।
दो हिस्ट्रीशीटर समेत छह और अपराधी गिरफ्तार
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने गैंग के छह अन्य वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनमें हिस्ट्रीशीटर किशोर सिंह राजपूत (27) निवासी मुरताला गाला थाना सदर और हिस्ट्रीशीटर रेवंत सिंह (31) निवासी बांकलपुरा महाबार थाना सदर शामिल हैं। इनके साथ प्राग सिंह उर्फ प्रयाग सिंह (25) निवासी परो, देरावर सिंह (27) निवासी पाताणियों की ढाणी महाबार थाना सदर, भवानी सिंह उर्फ भग सिंह (20) निवासी बूठ जैतमाल महाबार थाना धोरीमन्ना और रणवीर सिंह उर्फ राण सिंह (20) निवासी बांकलपुरा महाबार थाना सदर को भी पकड़ा गया है।
हिस्ट्रीशीटर किशोर सिंह के खिलाफ 6 और रेवंत सिंह के खिलाफ 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है ताकि गैंग के बाकी सदस्यों और आपराधिक नेटवर्क तक पहुंच बनाई जा सके।



