कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस की बड़ी सफलता: हार्डकोर अपराधी विक्रम उर्फ विक्की गिरफ्तार, देसी कट्टा और अवैध शराब बरामद
जयपुर, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News)। कोटपूतली-बहरोड़ जिले में संगठित अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना हरसौरा को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक हार्डकोर अपराधी और हिस्ट्रीशीटर विक्रम उर्फ विक्की को अवैध हथियार और अन्य संदिग्ध वस्तुओं के साथ गिरफ्तार किया है।

नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश नाकाम
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने बताया कि मंगलवार, 14 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हिस्ट्रीशीटर विक्रम खटोटी अपने साथियों के साथ एक काली स्कॉर्पियो में अवैध हथियार लेकर बानसूर की ओर जा रहा है। सूचना के बाद हरसौरा पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस को चकमा देने की कोशिश की और गाड़ी को तेजी से भगाने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी ने खेत के संकरे रास्ते पर गाड़ी छोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए विक्रम उर्फ विक्की पुत्र माडाराम को पकड़ लिया।
देसी कट्टा, कारतूस और शराब की पेटी जब्त
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कब्जे से पुलिस ने एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, हीर-रांझा ब्रांड की देसी शराब की एक पेटी, वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी और दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोपी के तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।
हत्या, लूट और डकैती जैसे गंभीर मामलों में शामिल
विक्रम उर्फ विक्की थाना हरसौरा का कुख्यात अपराधी और हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, मारपीट और अवैध हथियार रखने जैसे कई संगीन प्रकरण पहले से विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज राहुल प्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई के निर्देशन में की गई है।



