‘दंगल’ फेम जायरा वसीम ने किया निकाह, बोलीं — “कुबूल है x3”, पति का नाम नहीं किया साझा
मुंबई, 18 अक्टूबर (Udaipur Kiran News)। आमिर खान की सुपरहिट फिल्म ‘दंगल’ से अपनी पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस जायरा वसीम ने निकाह कर लिया है। शुक्रवार को उन्होंने अपने निकाह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जिसके बाद फैंस के बीच हलचल मच गई।

18 साल की उम्र में बॉलीवुड को अलविदा कह चुकीं जायरा ने अचानक अपनी शादी की खबर देकर सभी को चौंका दिया। उन्होंने दो तस्वीरें शेयर कीं — एक में वह निकाहनामा पर दस्तखत करती नजर आ रही हैं, जबकि दूसरी में वो अपने पति के साथ चांद को निहारती दिख रही हैं।
जायरा ने फोटो के साथ कैप्शन में सिर्फ तीन शब्द लिखे — “कुबूल है x3”। उन्होंने अपने शौहर का नाम उजागर नहीं किया, साथ ही तस्वीरों में दोनों ने चेहरे भी नहीं दिखाए। अपने इस खास मौके पर जायरा ने लाल रंग का खूबसूरत लहंगा पहना हुआ था।
2019 में छोड़ी थी बॉलीवुड इंडस्ट्री
जायरा वसीम ने साल 2019 में फिल्म इंडस्ट्री छोड़ने का फैसला लिया था। उन्होंने कहा था कि बॉलीवुड की ग्लैमरस दुनिया उनके धर्म और जीवन के सिद्धांतों से मेल नहीं खाती। अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में जायरा ने लिखा था —
“पांच साल पहले मैंने एक ऐसा निर्णय लिया जिसने मेरी जिंदगी हमेशा के लिए बदल दी। जैसे ही मैंने बॉलीवुड में कदम रखा, मुझे शोहरत, नाम और पहचान मिली। लेकिन यह सब वो नहीं था जिसकी मुझे तलाश थी। सक्सेस और फेल्योर की इस दुनिया ने मुझे भीतर से खाली कर दिया।”
नेशनल अवॉर्ड विनिंग एक्ट्रेस रही हैं जायरा
जायरा वसीम को ‘दंगल’ में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार (National Award) से सम्मानित किया गया था। उन्होंने इसके बाद ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ में भी शानदार अभिनय किया, जबकि उनकी आखिरी फिल्म ‘द स्काई इज़ पिंक’ प्रियंका चोपड़ा और फरहान अख्तर के साथ थी।
अभिनय में असाधारण प्रतिभा दिखाने के बावजूद, जायरा ने बहुत कम उम्र में बॉलीवुड को छोड़ने का निर्णय लिया था, और अब अपनी निजी जिंदगी की नई शुरुआत कर ली है।



