चूरू में फायरिंग: तारानगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार
जयपुर, 18 अक्टूबर (Udaipur Kiran News)। चूरू जिले की तारानगर पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए जान से मारने की नीयत से घर पर फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को महज दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक जय यादव के निर्देशन में की गई।

पुलिस के अनुसार, शनिवार 18 अक्टूबर की सुबह लगभग 11 बजे थाना तारानगर को सूचना मिली कि ओजरिया निवासी महावीर झाझड़िया के घर पर रात में फायरिंग की गई है। सूचना मिलते ही थानाधिकारी सतवीर मीणा मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ने विशेष निगरानी के निर्देश दिए। इसके तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोरी लाल और वृत्ताधिकारी तारानगर रोहित सांखला के सुपरविजन में एक विशेष टीम गठित की गई।
थानाधिकारी सतवीर मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी और आसूचना सहयोग का उपयोग करते हुए कार्रवाई शुरू की और दो घंटे के भीतर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश उर्फ छोटिया (25) पुत्र रामसिंह और सतीश कुमार (22) पुत्र फुलाराम, दोनों निवासी ओजरिया, के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पूर्व में भी कई गंभीर आपराधिक मामलों में लिप्त रह चुके हैं। पूछताछ में फायरिंग की वजह और इस्तेमाल किए गए हथियार की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के बाद अग्रिम अनुसंधान जारी है।



