चर्च न जाने की जिद पड़ी युवक पर भारी: बांसवाड़ा में सगे भाइयों ने की युवक की हत्या
बांसवाड़ा, 28 अक्टूबर (Udaipur Kiran)। राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के कलिंजरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। यहां सगे भाइयों और परिवार के सदस्यों ने चर्च न जाने पर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान कालू पुत्र लक्ष्मण सोलंकी भील (35 वर्ष) निवासी शंभूपुरा गांव के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नियों और अन्य परिजनों ने बताया कि कालू के भाई और कुछ रिश्तेदार उसे जबरन ईसाई धर्म स्थल (चर्च) ले जाना चाहते थे ताकि वहां पादरी से मुलाकात करवाई जा सके। लेकिन कालू ने चर्च जाने से साफ इनकार कर दिया। इस बात से नाराज होकर भाइयों और परिवार के लोगों ने उस पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हमले में कालू को गंभीर सिर की चोटें आईं। उसे तुरंत महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
कलिंजरा थाना पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है और मृतक के परिजनों की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि देर रात भाइयों में किसी विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसमें कालू की मौत हो गई। मामले में जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक कालू की दो पत्नियां हैं। पहली पत्नी जीवी के तीन बच्चे (एक बेटा और दो बेटियां) हैं, जबकि दूसरी पत्नी मंगली का एक बेटा है।



