ऑपरेशन गरुड़व्यूह: कोटा में मादक पदार्थ तस्करों पर बड़ी कार्रवाई — 316 किलो डोडाचूरा और टाटा हैरियर कार जब्त
जयपुर, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News)। राजस्थान के कोटा जिले में चल रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन गरुड़व्यूह” के तहत आरकेपुरम थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 316 किलो 690 ग्राम अफीम डोडाचूरा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹47.50 लाख बताई जा रही है। साथ ही, पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त लग्जरी टाटा हैरियर कार भी जब्त की है।

नाकाबंदी तोड़ने के लिए पुलिस पर की गई फायरिंग
जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि बुधवार, 15 अक्टूबर को डीएसपी मनीष शर्मा के सुपरविजन और थानाधिकारी महेंद्र मारू के नेतृत्व में आरकेपुरम थाना पुलिस टीम ने रावतभाटा-कोटा हाईवे पर बोरावास में नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान रावतभाटा की दिशा से आ रही एक टाटा हैरियर कार पुलिस को देखकर अचानक पीछे मुड़ने लगी। जब पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो कार चालक ने वाहन को नाली में उतार दिया और दोनों तरफ से पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। तस्कर अंधेरे और बोरावास जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना के बाद फरार तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच थाना रानपुर पुलिस को सौंपी गई है।
फर्जी नंबर प्लेट से करते थे तस्करी
कार की तलाशी में पुलिस को 18 प्लास्टिक के कट्टे मिले, जिनमें डोडाचूरा भरा हुआ था। जांच में यह भी सामने आया कि तस्कर पुलिस से बचने के लिए लग्जरी गाड़ियों का इस्तेमाल करते थे और हर कुछ किलोमीटर पर फर्जी नंबर प्लेट बदल देते थे। पुलिस ने जब्त टाटा हैरियर कार से 6 अलग-अलग फर्जी नंबर प्लेटें भी बरामद की हैं।
जंगल में सघन तलाशी अभियान जारी
फिलहाल पुलिस टीमें फरार तस्करों की तलाश में बोरावास जंगल में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में नशे की अवैध तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान “ऑपरेशन गरुड़व्यूह” की एक बड़ी सफलता है।



