Skip to content
Saturday, 31 October 2026
BREAKING
UDAIPUR

बैंक डकैती और चैन स्नैचिंग का मास्टरमाइंड राजेश मीणा गिरफ्तार

उदयपुर, (Udaipur Kiran News)। उदयपुर पुलिस ने थाना सविना क्षेत्र में हुई बैंक डकैती और हाल के दिनों में शहर में हुई चैन स्नैचिंग की घटनाओं के मास्टरमाइंड एवं मुख्य सरगना राजेश मीणा को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर चोरी, नकबजनी और संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी नगर पूर्व छगन पुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी सविना राव अजयसिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्त बेहद शातिर और आदतन अपराधी हैं। इन्होंने मिलकर एक गैंग बनाई थी और उदयपुर शहर में किराए के मकान में रहकर दिन में सूने मकानों और अन्य स्थानों की रेकी करते थे। रात में ये वारदात को अंजाम देते थे। पकड़े जाने के डर से इस गैंग ने बैंक में चोरी की बड़ी योजना बनाई और छुट्टी के दिन पंजाब एंड सिंध बैंक, सीए सर्कल में डकैती का प्रयास किया।

राजेश मीणा पुत्र लक्ष्मण मीणा, निवासी शिव मंदिर के पास, मगरीवाला घर, रोशन जी की बाड़ी, थाना सविना, जिला उदयपुर। गिरफ्तार आरोपी राजेश मीणा के खिलाफ चोरी, नकबजनी, लूट, मारपीट और संगठित अपराध के कुल 10 प्रकरण पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने 16 अगस्त 2025 को सीए सर्कल स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक में हुई वारदात (प्रकरण संख्या 330/2025, थाना सविना) में शामिल होने की बात स्वीकार की है। साथ ही, उसने बैंक की घटना के बाद उदयपुर शहर में हुई कई चैन स्नैचिंग की वारदातों में भी अपनी संलिप्तता कबूल की है। पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।