Skip to content
Friday, 30 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

₹25,000 का ईनामी गैंगस्टर महिला के वेश में गिरफ्तार, रोहित गोदारा गैंग का शूटर अवैध हथियारों सहित पकड़ा गया

जयपुर, 21 अक्टूबर (Udaipur Kiran News)। जिला पुलिस कोटपूतली-बहरोड़ ने संगठित अपराधों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ₹25,000 के ईनामी गैंगस्टर और रोहित गोदारा गैंग के सक्रिय शूटर अभिषेक उर्फ बटार को गिरफ्तार किया है। पुलिस से बचने के लिए वह घाघरा-लूगड़ी पहनकर महिला के वेश में भागने की कोशिश कर रहा था।

Rohit Godara Gang

एसपी देवेंद्र बिश्नोई ने बताया कि कोटपूतली थाने के एक गंभीर मामले में वांछित यह कुख्यात अपराधी गिरफ्तारी से बचने के लिए वेश बदलकर बहरोड़ में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस की क्यूआरटी टीमों ने सटीक आसूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अभिषेक उर्फ बटार के कब्जे से तीन देशी पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस और एक अतिरिक्त मैगज़ीन सहित भारी मात्रा में अवैध हथियार जब्त किए हैं।

एसपी बिश्नोई ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अभिषेक उर्फ बटार पुत्र पप्पू राम गुर्जर (21), निवासी मोलाहेड़ा, थाना पनियाला का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से ही आठ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब बहरोड़ थाना पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में नया मामला दर्ज किया है।

इस अहम कार्रवाई में क्यूआरटी कोटपूतली के कांस्टेबल मनोज कुमार और क्यूआरटी बहरोड़ के कांस्टेबल बलदेव की विशेष भूमिका रही। उनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली।