सविना पुलिस और डीएसटी ने 8 किलो 288 ग्राम गांजा बरामद किया, दो तस्कर गिरफ्तार
उदयपुर, 18 अक्टूबर (Udaipur Kiran News)। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसटी और थाना सविना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 8 किलो 288 ग्राम गांजा जब्त किया है। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया गया और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी नगर पूर्व छगन पुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी सविना अजय सिंह राव तथा जिला स्पेशल टीम (DST) ने संयुक्त प्रयास किया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रतन सिंह पुत्र नाथूलाल निवासी गांव टेकन, थाना कूण, जिला सलुम्बर और गोविंद कुमार पुत्र लिम्बाराम निवासी गांव पेमला कुई, थाना भींड़र, जिला उदयपुर के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से कुल 8 किलो 288 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। बरामद किए गए मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग ₹2 लाख आंकी गई है। पुलिस ने गांजा की तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है।
दोनों आरोपियों को धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। मामले में प्रकरण संख्या 419/2025 दर्ज कर आगे की जांच शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कब से इस अवैध कारोबार में लिप्त हैं और किन अन्य लोगों की इसमें संलिप्तता है, इस संबंध में पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ जारी है।



