एक साल से फरार 5000-5000 रुपये के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर, 21 अक्टूबर (Udaipur Kiran News)। जिले की ओगणा थाना पुलिस ने चोरी और लूट के मामले में एक वर्ष से फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपियों पर 5000-5000 रुपये का इनाम घोषित था।

जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल और वृत्ताधिकारी झाड़ोल नेत्रपाल सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी ओगणा रामावतार मीणा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
थानाधिकारी मीणा ने बताया कि पुलिस टीम मंगलवार को सर्कल गश्त पर कस्बा ओगणा से वास, काठकी बावड़ी होते हुए आमलीखेडा की ओर जा रही थी। इस दौरान पुलिस को देखकर दो संदिग्ध व्यक्ति जंगल की ओर भागने लगे। संदेह के आधार पर पुलिस ने तुरंत पीछा किया और दोनों को आमलीखेडा के जंगलों से पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे थाना मावली में दर्ज चंदन चोरी के प्रकरण में वांछित हैं, इसलिए पुलिस को देखकर भागे। आरोपियों की पहचान —
-
पप्पू पुत्र थावरा निवासी आमलीखेडा, थाना ओगणा
-
तख्ताराम पुत्र थावरा निवासी आमलीखेडा, थाना ओगणा — के रूप में हुई।
दोनों पर कार्यालय जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर द्वारा ₹5000-₹5000 का इनाम घोषित किया गया था। ये आरोपी थाना मावली के प्रकरण संख्या 85/2024, धारा 379, 323, 394 भादसं में वांछित थे और लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी दीपावली के मौके पर घर लौटे थे, जिसकी सूचना पर टीम ने आमलीखेडा के जंगल से डिटेन किया। आगे की पूछताछ के बाद दोनों को थाना मावली पुलिस के सुपुर्द कर दिया जाएगा।



