Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

सेवर में डॉ. उमेश कुमार पर फायरिंग का खुलासा: करतार गुर्जर गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार, एक नाबालिग निरूद्ध

जयपुर, 10 अक्टूबर (Udaipur Kiran News)। जिले में अवैध हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत सेवर थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने रूद्रनगर कॉलोनी में डॉ. उमेश कुमार उर्फ यश चौधरी पर हुई जानलेवा फायरिंग की वारदात का खुलासा करते हुए करतार गुर्जर गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को निरूद्ध किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक अवैध कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

फायरिंग

खंडहर कमरे में बन रही थी हत्या की साजिश
जिला पुलिस अधीक्षक दिगंत आनन्द के निर्देश पर थानाधिकारी सतीश चन्द शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम को सूचना मिली कि करतार गुर्जर गैंग के तीन बदमाश अजान बंध की पाल स्थित एक सुनसान खंडहर कमरे की छत पर किसी हत्या या फिरौती की वारदात की योजना बना रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार हैं।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए खंडहर कमरे को चारों ओर से घेर लिया। पुलिस को देखकर बदमाश छत से कूदकर भागने लगे, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें पकड़ा और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को निरूद्ध किया गया है।

डॉ. यश चौधरी पर फायरिंग का किया था प्रयास
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि 27 सितम्बर की शाम को रूद्रनगर कॉलोनी में डॉ. उमेश उर्फ यश चौधरी पर हुई फायरिंग की घटना को उन्होंने ही अंजाम दिया था। डॉ. चौधरी ने रिपोर्ट दी थी कि वह शाम करीब 6:40 बजे अपनी बेटी और बेटे को कॉलोनी की दुकान में टॉफी-बिस्किट दिलाने गए थे। उसी समय काले रंग की बाइक पर आए दो अज्ञात व्यक्तियों में से पीछे बैठे आरोपी ने उन पर जानलेवा फायर कर दिया।

गोली डॉ. चौधरी को नहीं लगी, बल्कि दुकान के काउंटर से टकराई, जिससे उनके पैर और पास खड़े एक बच्चे के हाथ में छर्रे लगने से चोट आई थी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश पुत्र भरतलाल गुर्जर (24) निवासी बूचोलाई थाना सदर गंगापुर सिटी और विष्णु पुत्र मुखराज गुर्जर (19) निवासी तिया पट्टी थाना उच्चैन, भरतपुर के रूप में हुई है। पुलिस अब दोनों से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे और भी आपराधिक वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।