Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
UDAIPUR

उदयपुर पुलिस की कार्रवाई: एआई ऐप से महिला के फोटो-वीडियो एडिट कर वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर, 18 अक्टूबर (Udaipur Kiran News)। पुलिस थाना सूरजपोल की टीम ने सोशल मीडिया पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर एआई ऐप के जरिए महिला के फोटो और वीडियो को एडिट कर अश्लील रूप में वायरल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन में की गई।

Udaipur police news

थाना सूरजपोल के अनुसार, 6 अक्टूबर 2025 को किशनपोल क्षेत्र निवासी एक विवाहित महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने अलग-अलग नामों से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसके फोटो और वीडियो को एआई ऐप के माध्यम से एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम किया जा रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और वृताधिकारी नगर पूर्व छगन पुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी सूरजपोल रतन सिंह चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। टीम ने तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की और शीघ्र ही उसे ट्रेस कर लिया।

पुलिस ने सादिक पुत्र स्वर्गीय इकबाल (उम्र 28 वर्ष), निवासी सैदुपुर लश्करीगंज, थाना बिथरी चैनपुर, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) को उदयपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।

पुछताछ में सादिक ने स्वीकार किया कि वह पीड़िता को जानता था और दोस्ती से इनकार करने पर उसने नाराज होकर बदनाम करने की नीयत से एआई ऐप की मदद से महिला के फोटो और वीडियो को एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया है। उदयपुर पुलिस ने चेतावनी दी है कि इस प्रकार के साइबर अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।