Skip to content
Wednesday, 25 November 2026
BREAKING
Arms

उदयपुर में अवैध देसी कट्टा सप्लाई करने वाला चित्तौड़गढ़ का तस्कर गिरफ्तार

उदयपुर, 25 नवंबर (उदयपुर किरण)। उदयपुर जिले में अवैध हथियार रखने और बेचने के मामले में डबोक थाना पुलिस ने अवैध देसी कट्टे के मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान चित्तौड़गढ़ निवासी सुरेंद्र कुमार उर्फ शेरू कीर के रूप में हुई है।

डबोक थानाधिकारी (एसएचओ) सूर्यवीर सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 26 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

जयपुर में फर्जी एमबीबीएस सर्टिफिकेट मामले में चार डॉक्टर गिरफ्तार

पुलिस गश्त के दौरान बरामद हुआ था कट्टा

पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, 9 अक्टूबर 2026 की रात एएसआई लालचंद और उनकी टीम डबोक थाना इलाके में गश्त कर रही थी। उसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध देसी कट्टा लेकर पुष्प विहार रास्ते से हाईवे की तरफ आ रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी की और डबोक के मेड़ता बावड़ी निवासी महिपाल सिंह पिता कालू सिंह की तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ।

इस पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई समयराज को सौंपी गई।

जांच में हुआ हथियार सप्लायर का खुलासा

पूछताछ के दौरान महिपाल सिंह ने खुलासा किया कि उसने यह कट्टा करीब तीन साल पहले चित्तौड़गढ़ निवासी सुरेंद्र उर्फ शेरू कीर से खरीदा था।

आरोपी सप्लायर किसी दूसरे मामले में पहले से ही उदयपुर की सेंट्रल जेल में बंद था। डबोक पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट के जरिए उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में शेरू कीर ने कबूल किया कि उसने करीब तीन-चार साल पहले महिपाल सिंह को यह कट्टा बेचा था। उसने पुलिस को यह भी बताया कि उसने यह हथियार अपने चचेरे भाई विनोद कीर से खरीदा था, जो निम्बाहेड़ा के कल्याणपुरा का रहने वाला है।

पुलिस अब आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर हथियार की खरीद-फरोख्त वाली जगहों की तस्दीक कर रही है। अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े इस पूरे नेटवर्क के बाकी कड़ियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

उदयपुर में अवैध देसी कट्टा सप्लाई करने वाला चित्तौड़गढ़ का तस्कर गिरफ्तार

Share