कटनी : तेंदुए के हमले में 10 वर्षीय मासूम की मौत, जंगल से शव बरामद

कटनी, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के कटनी जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत घुन्नौर गांव में मंगलवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दोपहर करीब 1 बजे झाड़ियों से अचानक निकले तेंदुए ने गांव में खेल रहे 10 वर्षीय मासूम राज खोल पुत्र देशराज कोल को जबड़े में दबोच लिया और ग्रामीणों के सामने ही जंगल की ओर भाग गया। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
वन मंडल अधिकारी गौरव शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। क्षेत्र की घेराबंदी कर सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। तेंदुए की तलाश के लिए पगमार्क, ड्रोन और अन्य आधुनिक संसाधनों की मदद ली गई। घंटों की तलाश के बाद बच्चे का शव जंगल की झाड़ियों से बरामद कर लिया गया। शव मिलने के समय बच्चे के वस्त्र खून से लथपथ थे। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद बच्चे की मौत की पुष्टि की गई
घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों के लिए एडवाइजरी जारी की है। ग्रामीणों से समूह में रहने, बच्चों को अकेले बाहर न भेजने और रात के समय घरों से बाहर न निकलने की अपील की गई है। गांव में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। वहीं पूरे जंगल क्षेत्र में तेंदुए की तलाश लगातार जारी है। इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तेंदुए को जल्द पकड़ने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
वन विभाग का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और तेंदुए को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / राकेश चतुर्वेदी



