भारत विकास परिषद के महिला मिलन कार्यक्रम ‘निर्मायिनी’ का आगाज, 157 महिलाओं को मिला ‘महारानी सम्मान’
उदयपुर, 13 सितम्बर (Udaipur Kiran News)। भारत विकास परिषद उत्तर पश्चिम क्षेत्र के महिला मिलन कार्यक्रम ‘‘निर्मायिनी’’ की शुरुआत शनिवार शाम सोलिटेयर रिसोर्ट, उदयपुर में हुई। कार्यक्रम में मानव सेवा और सामाजिक सहयोग में विशेष योगदान देने वाली 157 महिलाओं को ‘महारानी सम्मान’ से नवाजा गया। यह आयोजन भारत विकास परिषद राजस्थान साउथ प्रांत के तत्वावधान में हुआ।

राष्ट्रीय महामंत्री डी.डी. शर्मा, राष्ट्रीय गतिविधि संरक्षक महिला सहभागिता निदर्शना गोवानी, राष्ट्रीय गतिविधि संयोजक डॉ. शिप्रा धर, क्षेत्रीय संरक्षक राधेश्याम रंगा, क्षेत्रीय महासचिव संदीप बाल्दी और केंद्रीय सदस्य डॉ. आशा मेहता की उपस्थिति में हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिषद पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रांतीय अध्यक्ष मयंक दोसी ने बताया कि महारानी अहिल्या देवी की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में 157 महिलाओं ने मानवता की सेवा और प्राकृतिक आपदाओं के लिए परिषद के कोष में 22 लाख 61 हजार रुपये का सहयोग दिया। इसी योगदान के लिए उन्हें ‘महारानी सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर लोककला मंडल उदयपुर के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।
महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित होगा दूसरा दिन
रविवार को ‘‘निर्मायिनी’’ कार्यक्रम का मुख्य आयोजन होगा, जिसमें उपमुख्यमंत्री राजकुमारी दिया कुमारी मुख्य अतिथि रहेंगी। उनके साथ संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, राष्ट्रीय महामंत्री डी.डी. शर्मा और अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में महिलाओं की तकनीकी साक्षरता, आत्मविश्वास, समाज परिवर्तन, परिवारों में संस्कार निर्माण, महिला स्वास्थ्य, जागरूकता, आत्मरक्षा और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर विशेष संवाद आयोजित होगा। प्रांतीय अध्यक्ष मयंक दोसी ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य मातृशक्ति की भूमिका और नेतृत्व के माध्यम से समाज के सर्वांगीण विकास को रेखांकित करना है।
उदयपुर शहर की सभी शाखाओं के कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम को लेकर उत्साह और उमंग का माहौल बना हुआ है।
Hindi SEO Tags:
उदयपुर महिला मिलन कार्यक्रम, भारत विकास परिषद निर्मायिनी, महारानी सम्मान समारोह उदयपुर, दिया कुमारी उदयपुर कार्यक्रम, राजस्थान महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम, उदयपुर समाज सेवा कार्यक्रम, भारत विकास परिषद राजस्थान खबर, उदयपुर सांस्कृतिक कार्यक्रम
English SEO Tags:
Udaipur Nirmayini program, Maharani Samman Udaipur, Bharat Vikas Parishad women event, Diya Kumari Udaipur news, Rajasthan women empowerment



