Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
CRIME

19 वर्षीय युवती ने की आत्महत्या, युवक पर प्रताड़ना का आरोप

Fir

शिमला, 14 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय एक युवती द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से इलाके में शोक का माहौल है। रामपुर पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार यह घटना 12 दिसंबर की है। सपना नाम की युवती रचोली क्षेत्र में किराए के कमरे में रहती थी। उसी दिन परिजनों को सूचना मिली कि सपना ने अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी है। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे, जहां युवती को फंदे से लटका पाया गया।

परिजनों का आरोप है कि घटना वाले दिन शाम करीब आठ बजे शुभम नामक एक युवक ने फोन कर यह कहा था कि युवती अपने कमरे में कुछ गलत कर रही है। इसके कुछ ही समय बाद परिवार को आत्महत्या की जानकारी मिली। इस फोन कॉल के बाद परिजनों को पूरे घटनाक्रम पर संदेह हुआ।

परिवार का यह भी कहना है कि युवती की एक सहेली ने उन्हें बताया था कि एक युवक उसे पहले से परेशान करता था। परिजनों को आशंका है कि इसी कथित मानसिक प्रताड़ना के कारण युवती ने यह कदम उठाया। इसी आधार पर उन्होंने पुलिस से आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड, परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान तथा सभी उपलब्ध साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *