Skip to content
Thursday, 29 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

वार्षिकी : डेस्टिनेशन वेडिंग में राजस्थान पहली पसंद, शाही शादियों का साल बना 2025

फाइल

जयपुर, 30 दिसंबर (Udaipur Kiran) । राजस्थान अपनी शाही परंपराओं, ऐतिहासिक धरोहरों, भव्य महलों–किलों और अतुलनीय मेहमाननवाजी के लिए दुनिया भर में जाना जाता है। साल 2025 में यह पहचान और मजबूत हुई, जब डेस्टिनेशन वेडिंग के मामले में राजस्थान देश ही नहीं, बल्कि विदेशों के लोगों की भी पहली पसंद बनकर उभरा। झीलों के किनारे फेरे, महलों में मेहंदी और किलों की प्राचीरों के बीच संगीत समारोह—2025 में राजस्थान शादियों का रॉयल हब बन गया।

इस साल कई ऐसी शादियां हुईं, जिन्होंने भव्यता, खर्च और खास मेहमानों की वजह से देशभर में सुर्खियां बटोरीं। इनमें से कुछ शादियां इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गईं।

2025 की सबसे महंगी शादी

नेत्रा मंटेना – वामसी गडिराजू | उदयपुर : अमेरिकी अरबपति फार्मा टाइकून राम राजू मंटेना की बेटी नेत्रा मंटेना और वामसी गडिराजू की डेस्टिनेशन वेडिंग 21 से 24 नवंबर तक उदयपुर में हुई। झीलों के शहर में हुई यह रॉयल वेडिंग 2025 की सबसे भव्य और महंगी शादी मानी गई। करीब 330 करोड़ रुपये के अनुमानित खर्च वाली इस शादी में डोनाल्ड ट्रंप जूनियर, जेनिफर लोपेज, जस्टिन बीबर, डीजे टिएस्टो जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारों के साथ रणवीर सिंह, माधुरी दीक्षित, कृति सेनन, जान्हवी कपूर, शाहिद कपूर और नोरा फतेही जैसे बॉलीवुड सितारे शामिल हुए।

आध्यात्मिकता और भव्यता का संगम

इंद्रेश उपाध्याय – शिप्रा शर्मा | जयपुर : 5–6 दिसंबर 2025 को जयपुर के ताज आमेर होटल में प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय और शिप्रा शर्मा का विवाह हुआ। यह शादी भले ही अत्यधिक महंगी नहीं थी, लेकिन वैदिक परंपराओं और आध्यात्मिक संदेश के कारण देशभर में चर्चा का विषय बनी। मंडप को तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर सजाया गया। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, कुमार विश्वास, बी प्राक, अनिरुद्धाचार्य जी, देवकीनंदन ठाकुर, साध्वी ऋतंभरा सहित कई संत और प्रसिद्ध हस्तियां समारोह में मौजूद रहीं।

झील किनारे राजसी विवाह

अग्रता शर्मा – पवित्र खंडेलवाल | उदयपुर : 2 मार्च 2025 को मशहूर कवि कुमार विश्वास की बेटी अग्रता शर्मा और पवित्र खंडेलवाल का विवाह उदयपुर की पिछोला झील के किनारे स्थित लीला पैलेस में हुआ।

तीन दिन चले इस भव्य समारोह में हल्दी, मेहंदी, संगीत और रिसेप्शन खास आकर्षण रहे। सोनू निगम, कैलाश खेर, बी प्राक, धीरेंद्र शास्त्री, शैलेश लोढ़ा और चिराग पासवान सहित राजनीति, साहित्य और कला जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं।

वीवीआईपी शाही शादी

कार्तिकेय चौहान – अमानत बंसल | जोधपुर : 6 मार्च 2025 को जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय चौहान और उद्योगपति अनुपम बंसल की बेटी अमानत बंसल की शादी हुई। तीन दिन चले इस समारोह में राजस्थानी व्यंजनों ने खास धूम मचाई। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सहित कई केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और उद्योग जगत की हस्तियां शामिल हुईं।

सादगी की मिसाल

आईएएस चारु – आईपीएस सुजीत शंकर | कोटा : इन शाही और महंगी शादियों के बीच 29 नवंबर 2025 को कोटा में हुई आईएएस चारु और आईपीएस सुजीत शंकर की शादी ने अलग पहचान बनाई। भारत के पहले हेरिटेज चंबल रिवर फ्रंट पर सीमित मेहमानों के बीच संपन्न यह विवाह सादगी, गरिमा और प्रशासनिक अनुशासन का प्रतीक बना। इस पहल की देशभर में सराहना हुई और यह शादी आम लोगों के लिए एक मिसाल बन गई।

साल 2025 में राजस्थान ने यह साबित कर दिया कि जब बात रॉयल डेस्टिनेशन वेडिंग की हो, तो मरुधरा का कोई मुकाबला नहीं। भव्य महल हों या ऐतिहासिक किले, झीलों का सौंदर्य हो या राजसी मेहमाननवाजी—राजस्थान ने हर शादी को यादगार बना दिया। 2025 वाकई शाही शादियों का साल बनकर इतिहास में दर्ज हो गया।

—————

(Udaipur Kiran) / रोहित

Share

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *