बेटी की शादी के लिए रखे जेवरात-नकदी लेकर चार बच्चों की मां प्रेमी संग फरार, पति की शिकायत पर मुकदमा दर्ज

नोएडा, 16 अगस्त (Udaipur Kiran). सेक्टर-74 स्थित एक सोसाइटी में घरेलू सहायिका के रूप में काम करने वाली महिला अपने प्रेमी, गार्ड सुपरवाइजर के साथ घर से बेटी की शादी के लिए रखे जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गई. महिला के पति ने कोर्ट के आदेश पर सेक्टर-113 थाने में मुकदमा दर्ज कराया है.

मां प्रेमी संग फरार

सर्फाबाद गांव निवासी पीड़ित ने बताया कि वे मूल रूप से जिला महोबा के रहने वाले हैं और सर्फाबाद गांव में पत्नी और चार बच्चों के साथ रहते हैं. उनकी पत्नी सेक्टर-74 के पंचशील प्रतिष्ठा सोसाइटी में खाना बनाने का काम करती है. वहीं, उसी सोसाइटी के पास अलीगढ़ जिले के चकरथल गांव निवासी ललित कुमार गार्ड सुपरवाइजर की नौकरी करता है. दोनों के बीच अक्सर मुलाकात होती थी, जिसका पति ने कई बार विरोध किया, लेकिन दोनों नहीं माने.

पीड़ित के अनुसार, उन्होंने बेटी की शादी सर्फाबाद गांव के ही एक युवक के साथ तय की थी और शादी के लिए साढ़े चार लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और साढ़े तीन लाख रुपये नकद घर पर रखे थे. आरोप है कि ललित कुमार को इस बात की जानकारी मिल गई और उसने महिला को बहला-फुसलाकर आभूषण और नकदी चोरी कर ली. चार जुलाई की रात दोनों फरार हो गए, जिससे बेटी की शादी भी रुक गई.

पीड़ित ने बताया कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने सिर्फ पत्नी की गुमशुदगी दर्ज की थी और कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद उन्हें कोर्ट का सहारा लेना पड़ा. थाना प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, कोर्ट के आदेश पर आरोपी ललित कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.

Leave a Comment