मुंबई में मूसलाधार बारिश और विक्रोली में भूस्खलन, एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत
मुंबई में पिछले कई घंटों से हो रही लगातार भारी बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है. शुक्रवार रात से शुरू हुई तेज बारिश के चलते निचले इलाकों में जलजमाव की समस्या गहराई है, जिससे सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है. सबसे गंभीर घटना विक्रोली के पार्क साइट क्षेत्र में हुई, जहां भूस्खलन के कारण एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए.

विक्रोली में भूस्खलन, दो की मौत
विक्रोली के वर्षा नगर जन कल्याण सोसाइटी में भूस्खलन की वजह से एक झोपड़ी पर पत्थर गिर गया. इस हादसे में शालू मिश्रा (19) और सुरेश मिश्रा (50) की मौत हो गई, जबकि आरती मिश्रा (45) और ऋतुराज मिश्रा (20) घायल हैं. सभी को तत्काल घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां घायलों का इलाज चल रहा है.
मुंबई और उपनगरों में जलजमाव
मूसलाधार बारिश के चलते अंधेरी सबवे, दादर गांधी मार्केट, विलेपार्ले और अन्य निचले इलाकों में जलभराव हो गया है, जिससे यातायात बाधित हुआ है. कई घरों में पानी घुस गया है और सेंट्रल रेलवे की लोकल ट्रेनें 15 से 20 मिनट की देरी से चल रही हैं.
भारी बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, रात से सुबह तक विक्रोली में 248.5 मिमी, सांताक्रुज में 232.5 मिमी, सायन में 221 मिमी, जुहू में 208 मिमी, बांद्रा में 173 मिमी, भायखला में 158.5 मिमी, चेंबूर में 127.5 मिमी और कोलाबा में 70.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है.
प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता
लगातार बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए नगर प्रशासन ने सभी राहत व बचाव एजेंसियों को अलर्ट पर रखा है. नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से निचले इलाकों में जाने से बचें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें.



