उदयपुर, 18 अगस्त (Udaipur Kiran). नवगठित सलूंबर जिले में पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है. इस संबंध में सांसद डॉ. मन्नालाल रावत की दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात के बाद, केंद्रीय मंत्री ने Rajasthan सरकार से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और शीघ्र कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया है.

सांसद डॉ. रावत ने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात में बताया कि सलूंबर जिला हाल ही में उदयपुर जिले से अलग होकर बना है और यह क्षेत्र पूरी तरह जनजाति बाहुल्य है. यहां गरीब व अल्पआय वर्ग के छात्रों में शिक्षा के प्रति रुझान तो है, लेकिन बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं के अभाव में वे पीछे रह जाते हैं. भारत सरकार की नीति के अनुसार प्रत्येक जिले में एक नवोदय विद्यालय होना चाहिए, जबकि सलूंबर जिले में अभी तक कोई नवोदय विद्यालय संचालित नहीं है. क्षेत्रवासियों द्वारा भी लंबे समय से यहां विद्यालय खोले जाने की मांग की जा रही है. डॉ. रावत ने बताया कि पूर्व में भी इस मांग को केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के समक्ष उठाया गया है.
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सलूंबर में नवोदय विद्यालय खोलने के मुद्दे पर राज्य सरकार से रिपोर्ट तलब की है और आश्वस्त किया कि इस दिशा में जल्द ही निर्णय लिया जाएगा. उल्लेखनीय है कि सांसद डॉ. रावत इस विषय को लेकर Chief Minister भजनलाल शर्मा और जिला कलेक्टर से भी चर्चा कर चुके हैं. विद्यालय के लिए उपयुक्त भूमि भी चिन्हित कर ली गई है. आदेश मिलते ही कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी.