कर्नाटक में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद
बेंगलुरु, 19 अगस्त (Udaipur Kiran). कर्नाटक के तटीय और मलनाड जिलों में लगातार हो रही बारिश के चलते आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और सुरक्षा के मद्देनज़र कई स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं. मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है.

राज्य के उत्तर कन्नड़, दक्षिण कन्नड़, उडुपी, हासन, शिवमोग्गा और चिक्कमगलुरु जिलों में भारी बारिश के कारण अगले पांच दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है. मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग ने बेलगाम, धारवाड़, हावेरी, बीदर, कालाबुरागी, यादगिरी, विजयपुरा, रायचूर, गडग, बगलकोट और कोप्पल जिलों के लिए दो दिन का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है. बेंगलुरु शहर, बेंगलुरु ग्रामीण, मैसूर, मांड्या, रामनगर और तुमकुर जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है.
राज्य सरकार ने भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए बेलगाम जिले के आठ तालुकों, धारवाड़ जिले के सभी स्कूल-कॉलेज और हासन, उडुपी सहित कुछ अन्य जिलों में भी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया है.
मलनाड क्षेत्र में भारी बारिश से तुंगभद्रा जलाशय से एक लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिससे बेल्लारी जिले में काम्पली पुल डूब गया और बेल्लारी-गंगावती मार्ग अवरुद्ध हो गया है. पुलिस ने नदी किनारे के ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए बैरिकेड्स लगाकर चेतावनी दी है.
कालाबुरागी जिले में बेनेटोरा जलाशय 85 प्रतिशत भर गया है और सुरक्षा के तौर पर 3,050 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिससे हेब्बल समेत आसपास के गांवों में बाढ़ का खतरा है. प्रशासन ने प्रभावित जिलों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.



