रांची, 19 अगस्त (Udaipur Kiran). Jharkhand के विभिन्न जिलों में 24 अगस्त तक भारी बारिश की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर पूर्वी जिलों और सटे मध्यवर्ती क्षेत्रों में 21 अगस्त को भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, 22 अगस्त को उत्तर पूर्वी और दक्षिण पूर्वी जिलों के कुछ हिस्सों में तेज बारिश का अनुमान है. इन जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की आशंका भी है.
23 अगस्त को भी राज्य के उत्तर पूर्वी जिलों में तथा 24 अगस्त को दक्षिणी और पूर्वी जिलों के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने इन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश साहिबगंज जिले के राजमहल में 63.2 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई. इसी अवधि में रांची में 8.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई.
मंगलवार को रांची और आसपास के इलाकों में तड़के से ही हल्की बारिश होती रही, जो दोपहर तक रुक-रुक कर जारी रही. इससे वातावरण में ठंडक महसूस की गई.
रांची में अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर में 33.2, डालटेनगंज में 34.6, बोकारो में 32.5 और चाईबासा में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.