कराची में भारी बारिश से तबाही, 10 लोगों की मौत; सिंध और बलोचिस्तान में बाढ़ का खतरा
इस्लामाबाद (पाकिस्तान), 20 अगस्त (Udaipur Kiran). पाकिस्तान के प्रमुख बंदरगाह शहर कराची में मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश ने भीषण तबाही मचाई. सिंध सरकार ने हालात की गंभीरता को देखते हुए नागरिकों से आज कामकाज बंद रखने की अपील की है. लगातार बारिश के कारण पूरा शहर बाढ़ की चपेट में है, घरों में पानी घुस गया है और बिजली के करंट, डूबने व दीवार गिरने की घटनाओं में कम से कम 10 लोगों की मौत हो चुकी है.

जियो न्यूज के मुताबिक, कराची के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप है और इंटरनेट व मोबाइल सेवाएं बाधित हैं. गुलशन-ए-हदीद में सबसे ज्यादा 170 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. मलीर समेत कई इलाकों में कई फीट पानी भर जाने से लोग फंसे हुए हैं, जिससे 2022 की विनाशकारी बारिश की यादें ताजा हो गई हैं.
द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को दक्षिण पाकिस्तान में मानसून की सबसे भयंकर बारिश दर्ज की गई. कराची में सभी मुख्य सड़कें और अंडरपास जलमग्न हैं, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. खराब बुनियादी ढांचे ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है.
सिंध के Chief Minister मुराद अली शाह ने प्रांत के सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी और निजी संस्थानों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है और स्कूलों को बंद रखने के आदेश दिए हैं. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने फोन पर Chief Minister से हालात की जानकारी ली.
बलोचिस्तान के 15 जिलों में भी लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते सिंध से जोड़ने वाला मुख्य राजमार्ग भारी वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है. दो जिलों में 40 से 50 घरों को नुकसान पहुंचा है.
मौसम विभाग ने सिंध और बलोचिस्तान के कई इलाकों में आगामी दिनों में और तेज बारिश का अनुमान जताया है. अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही मानसूनी हवाओं के कारण इन क्षेत्रों में बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है. कराची, हैदराबाद, बदीन, सजावल और आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है.



