भादवा की पहली झमाझम बारिश से जोधपुर में खिल उठे चेहरे, सड़कों पर बहा पानी
जोधपुर, 21 अगस्त (Udaipur Kiran). प्रदेश में एक बार फिर से मानसून सक्रिय हो गया है. लंबे इंतजार के बाद बुधवार दोपहर को जोधपुर संभाग के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई. भाद्रपक्ष के कृष्ण पक्ष के 12वें दिन आखिरकार बदरिया बरसी और तेज बारिश ने भीषण गर्मी व उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी. अचानक छाए काले बादलों ने तेज हवाओं के साथ जबरदस्त बारिश की शुरुआत कर दी. शहर की सड़कों पर पानी भर गया और घरों में भी परनाले बहने लगे. बारिश ने ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों के चेहरों पर भी मुस्कान ला दी, क्योंकि कई जगहों पर फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई थीं.

मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार गुरुवार से प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ने की संभावना थी. मारवाड़ यानी जोधपुर संभाग में भी आज बारिश की गतिविधियों की संभावना जताई गई थी. प्रदेश में कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस का दौर जारी था, जिससे आमजन बेहद परेशान था. भादवा माह में भी मई-जून जैसी गर्मी और उमस महसूस की जा रही थी.
दोपहर में जोधपुर शहर और आसपास के गांवों में अच्छी बारिश के बाद लोगों के चेहरे खिल उठे. खासकर किसानों के चेहरों पर रौनक आ गई. बारिश के बाद सड़कों पर भरा पानी प्रशासन की व्यवस्थाओं की पोल भी खोल गया. मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों में जोधपुर संभाग के कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.



