Skip to content
Tuesday, 27 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

राजस्थान में भारी बारिश का दौर जारी, 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी, बांसवाड़ा में 5 इंच पानी

जयपुर, 29 अगस्त (Udaipur Kiran). Rajasthan में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के बाद कई इलाकों में फिलहाल बरसात की रफ्तार धीमी हुई है, लेकिन दक्षिणी और पूर्वी जिलों में मानसूनी बारिश का सिलसिला अब भी जारी है. गुरुवार को बांसवाड़ा में 5 इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे नदी-नाले उफान पर आ गए और जनजीवन प्रभावित हुआ. राजधानी जयपुर में भी दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही.

Rajasthan rain alert

मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर ने शुक्रवार को जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर, जालोर, पाली, राजसमंद, सिरोही, उदयपुर, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और बांसवाड़ा जिले के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. राज्य में मानसून अगले दो सप्ताह तक एक्टिव रहने की संभावना है और 10 सितंबर तक औसत से ज्यादा बारिश हो सकती है.

गुरुवार को बांसवाड़ा के सज्जनगढ़ में 135 मिमी, कुशलगढ़ में 67 मिमी, झालावाड़ के डग में 110 मिमी, बूंदी के नैनवां में 53 मिमी, अलवर के रामगढ़ और दौसा के सिकराय में 31-31 मिमी, भरतपुर के कुम्हेर में 25 मिमी, धौलपुर के बाड़ी में 21 मिमी और कोटा के दिगोद में 51 मिमी बरसात दर्ज की गई. वहीं डूंगरपुर, जयपुर, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक और उदयपुर के कई क्षेत्रों में 20 से 50 मिमी तक पानी बरसा.

लगातार हो रही बारिश के कारण बांसवाड़ा के झल्लारा थाना क्षेत्र में स्कूल जा रहे शिक्षक बाइक सहित नदी में बह गए. वहीं भीलवाड़ा जिले के बड़लियास थाना क्षेत्र में नदी में नहाने गईं दो सहेलियां डूब गईं.

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 29-30 अगस्त से दक्षिण-पूर्वी Rajasthan (कोटा, उदयपुर संभाग) में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी. वहीं 29 से 31 अगस्त के बीच जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में भी मध्यम से भारी बरसात की संभावना है. फिलहाल मानसून ट्रफ गंगानगर, शिवपुरी और दमोह होते हुए लो-प्रेशर सिस्टम तक गुजर रही है. साथ ही एक अन्य ट्रफ लाइन Madhya Pradesh से दक्षिणी Punjab तक सक्रिय है, जिससे अगले कई दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.

गुरुवार को राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही में 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. श्रीगंगानगर सबसे गर्म रहा, जहां न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री रहा. राजधानी जयपुर का न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री, बाड़मेर का 27.8 डिग्री, जैसलमेर का 26.6 डिग्री और उदयपुर का 24.4 डिग्री दर्ज किया गया.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *