बीकानेर, 3 सितंबर (Udaipur Kiran): सरकारी दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने स्वतंत्रता दिवस पर लॉन्च किए गए विशेष आजादी प्लान की अंतिम तिथि बढ़ा दी है. उपभोक्ताओं की भारी मांग को देखते हुए इस योजना को अब 31 अगस्त से बढ़ाकर 15 सितम्बर 2025 तक कर दिया गया है.

बीकानेर व्यवसाय क्षेत्र के महाप्रबंधक ओ.पी. खत्री ने बताया कि इस स्कीम में उपभोक्ताओं को मात्र 1 रुपये में फ्री सिम उपलब्ध कराया जा रहा है. इसके साथ ही प्रतिदिन 2 जीबी डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और 100 फ्री एसएमएस की सुविधा भी दी जा रही है.
बीएसएनएल ने हाल ही में स्वदेशी तकनीक पर आधारित 4जी मोबाइल सेवा की शुरुआत की है, जिसमें उपभोक्ताओं को बेहतर इंटरनेट स्पीड मिल रही है. उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए बीकानेर के सभी उपभोक्ता सेवा केंद्र अवकाश के दिनों में भी खुले रहेंगे.
महाप्रबंधक खत्री ने बताया कि आजादी प्लान के तहत फाइबर उपभोक्ताओं के लिए भी ऑफर लागू किया गया है. यह ऑफर 30 सितम्बर तक मान्य रहेगा. इसके तहत पहले महीने की फ्री सेवा के बाद उपभोक्ता 499 रुपये वाले फाइबर बेसिक प्लान और 499 रुपये वाले फाइबर नियो प्लान को अगले तीन महीने तक मात्र 399 रुपये मासिक दर पर ले सकेंगे.
इन सेवाओं का लाभ उठाने के लिए उपभोक्ता कचहरी परिसर स्थित बीएसएनएल उपभोक्ता सेवा केंद्र और अधिकृत रिटेलर्स से संपर्क कर सकते हैं.