उदयपुर में हाईटेंशन लाइन चोरी की कोशिश में दो युवक झुलसे, दर्दनाक मौत
उदयपुर, 10 सितंबर (Udaipur Kiran News). उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के पानेर गांव में मंगलवार देर रात हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई. दोनों युवक जंगल से गुजर रही 33 केवी लाइन से तार चोरी करने पहुंचे थे, तभी करंट की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गए. बुधवार सुबह बिजली विभाग के कर्मचारी फाल्ट ढूंढने पहुंचे तो खेत में दोनों के शव पड़े मिले.

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 2 बजे पानेर गांव की बिजली अचानक गुल हो गई थी. बुधवार सुबह 9 बजे तक सप्लाई बहाल नहीं होने पर ग्रामीणों ने बिजली विभाग को सूचना दी. इसके बाद कर्मचारी 33 केवी लाइन की जांच के लिए मौके पर पहुंचे. वहां उन्हें टूटा हुआ तार और पास ही दो युवकों के झुलसे हुए शव दिखाई दिए.
सायरा थानाधिकारी किशोर सिंह शक्तावत ने बताया कि शव करीब 100 मीटर की दूरी पर खेत में अलग-अलग जगह पड़े मिले. पास में लकड़ी और औजार भी बरामद हुए. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक तार चोरी करने आए थे और करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. दोनों मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. शवों को सायरा हॉस्पिटल की मोर्च्युरी में रखवाया गया है.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. थानाधिकारी के अनुसार यह साफ तौर पर तार चोरी की कोशिश का मामला प्रतीत होता है, जिसमें दोनों की जान चली गई. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.



