चित्तौड़गढ़ के हेड कांस्टेबल महावीरसिंह राठौड़ को गैलेंट्री प्रमोशन, बने एएसआई

चित्तौड़गढ़, 12 सितंबर (Udaipur Kiran News). पुलिस विभाग में उल्लेखनीय और सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस मुख्यालय की ओर से गैलेंट्री प्रमोशन दिए गए हैं. इनमें चित्तौड़गढ़ जिले के हेड कांस्टेबल महावीरसिंह राठौड़ को एएसआई के पद पर पदोन्नत किया गया है. उदयपुर संभाग में कुल चार पुलिसकर्मियों को गैलेंट्री प्रमोशन प्राप्त हुआ है, जिनमें राठौड़ भी शामिल हैं. वर्तमान में सीआईडी सीबी में तैनात महावीरसिंह कई इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं.

Chittorgarh police Mahaveer Singh

जानकारी के अनुसार, पुलिस महानिदेशक कार्यालय से अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड जयपुर विपिन कुमार पांडे ने शुक्रवार को आदेश जारी किया. इसमें Rajasthan पुलिस अधीनस्थ सेवा नियमावली-1989 के नियम-28 (ए) के तहत उत्कृष्ट व सराहनीय कार्य करने पर पदोन्नति और पुरस्कार के लिए कमेटी गठित की गई. इस कमेटी की अनुशंसा पर उदयपुर रेंज के पुलिस कार्मिकों को वर्ष 2025-26 की रिक्तियों के विरुद्ध पदोन्नत किया गया है.

इस सूची में प्रतापगढ़ जिले के एएसआई प्रतापसिंह को उप निरीक्षक, प्रतापगढ़ के ही हेड कांस्टेबल जितेंद्रसिंह को एएसआई, चित्तौड़गढ़ के हेड कांस्टेबल महावीरसिंह राठौड़ को एएसआई तथा राजसमंद के कांस्टेबल प्रदीप कुमार को हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नत किया गया है.

महावीरसिंह राठौड़ चित्तौड़गढ़ पुलिस में भर्ती होकर वर्तमान में सीआईडी सीबी में कार्यरत हैं और उदयपुर संभाग के कई जिलों में सेवाएं दे रहे हैं. उन्होंने कुख्यात गैंगस्टर कमल राणा, एक लाख के इनामी अपराधी सुमित मांजू की गिरफ्तारी, निम्बाहेड़ा में 25 करोड़ मूल्य की नकली गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ, हथियार और नकली शराब की जब्ती जैसे कई बड़े मामलों में अहम भूमिका निभाई है. साथ ही ब्लाइंड मर्डर केसों के खुलासे में भी उन्होंने अपनी छाप छोड़ी है.

Leave a Comment