स्पाइसजेट फ्लाइट का टायर टेकऑफ के दौरान गिरा, पायलट ने दिखाई सूझबूझ; सभी 75 यात्री सुरक्षित
मुंबई, 12 सितंबर (Udaipur Kiran News). Gujarat के कांडला से मुंबई आ रही स्पाइसजेट की फ्लाइट में शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया. टेकऑफ के दौरान बॉम्बार्डियर Q400 विमान का एक टायर रनवे पर गिर गया. इसके बावजूद पायलट ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए उड़ान को रोका नहीं और विमान को सुरक्षित मुंबई एयरपोर्ट तक पहुंचाया.

मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग से पहले फुल इमरजेंसी घोषित की गई थी. हालांकि विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की और टर्मिनल तक खुद पहुंचा. इसके बाद सभी 75 यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया. एयरलाइन ने इस घटना की पुष्टि की है और तकनीकी कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.
हाल के अन्य विमान हादसे टले
16 अगस्त को मुंबई एयरपोर्ट पर इंडिगो के A321 विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया था. खराब मौसम के चलते पायलट ने लैंडिंग की बजाय गो-अराउंड (दोबारा टेकऑफ) का निर्णय लिया, लेकिन इस दौरान विमान की टेल रनवे से छू गई. बाद में दूसरी कोशिश में विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की. घटना के बाद विमान की जांच और मरम्मत की जा रही है.
इसके अलावा, बेंगलुरु से ग्वालियर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट पहली कोशिश में लैंड नहीं कर सकी थी. हालांकि दूसरी कोशिश में विमान सुरक्षित उतरा और यात्री सकुशल बाहर निकाले गए.



