ब्यावर में ग्राम विकास अधिकारी 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
जयपुर, 16 सितंबर (Udaipur Kiran News). भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने मंगलवार को अजमेर जिले के ब्यावर स्थित ग्राम पंचायत सरमालिया के ग्राम विकास अधिकारी अखिलेश कुमार को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया. कार्रवाई एसीबी चौकी स्पेशल यूनिट अजमेर की टीम ने की.

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे ग्राम पंचायत सरमालिया में की-मैन पद पर नियुक्त किया गया है. जुलाई और अगस्त 2025 के 24 हजार रुपये के वेतन को जारी कराने के बदले ग्राम विकास अधिकारी प्रति माह 3 हजार रुपये के हिसाब से कुल 6 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा था.
शिकायत की पुष्टि के लिए 12 सितंबर को अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस (द्वितीय) अनिल कयाल की देखरेख में सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए. इसके बाद मंगलवार को ट्रैप कार्रवाई की गई.
ट्रैप अधिकारी उप अधीक्षक पुलिस राकेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में टीम ने अखिलेश कुमार को परिवादी से 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते ही दबोच लिया. आरोपी को मौके पर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.



