Skip to content
Monday, 26 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

हिरणमगरी पुलिस की बड़ी सफलता: 10 साल से फरार 10,000 रुपये का इनामी आरोपी गिरफ्तार

• दो हत्याओं के मामलों में वांछित था आरोपी, पुलिस की विशेष टीम ने भीलवाड़ा से पकड़ा

जयपुर, 18 सितंबर. उदयपुर जिले की हिरणमगरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के दो मामलों में पिछले 10 साल से फरार चल रहे एक इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया आरोपी बंटी उर्फ गणेश लाल पुत्र दितीया, निवासी सालमगढ़ (प्रतापगढ़) है. उस पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित था और वह स्थाई वारंटी भी था.

Rajasthan crime

एसपी योगेश गोयल ने बताया कि अभियुक्त बंटी उर्फ गणेश लाल (41) प्रतापगढ़ जिले के डिंडोल फला का रहने वाला है. वह वर्ष 2010 में हिरणमगरी क्षेत्र में एक मजदूर की हत्या के मामले में गिरफ्तार हुआ था, लेकिन 2015 में जमानत पर छूटने के बाद से फरार था. इसके अलावा साल 2003 में भी प्रतापगढ़ के थाना सालमगढ़ में जुंए-सट्टे को लेकर एक दोस्त की हत्या का केस दर्ज था. फरार होने के बाद उसने अपने परिवार और परिचितों से नाता तोड़ लिया, कोई पहचान पत्र नहीं बनवाया और मजदूरी कर अलग-अलग जगहों पर छिपकर रहने लगा.

एसपी योगेश गोयल के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम बनाई गई. आरोपी के पास मोबाइल नहीं था और न ही उसके वर्तमान हुलिए की कोई जानकारी थी, इसलिए टीम ने प्रतापगढ़, जोधपुर और भीलवाड़ा में लगातार दबिश दी.

व्यापारी बनकर पुलिस ने की गिरफ्तारी

आखिरकार सूचना मिली कि आरोपी भीलवाड़ा में ट्रांसपोर्ट ऑफिसों पर हमाली का काम कर रहा है. पुलिस टीम ने खुद को व्यापारी बताकर मजदूरों और हम्मालों से गुप्त जांच की और बंटी उर्फ गणेश लाल तक पहुंची. पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसके परिवार के सदस्यों को भी मौके पर बुलाया गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

इस सफल अभियान में हिरणमगरी थानाधिकारी भरत योगी के नेतृत्व में थाना माण्डवा एसएचओ देवी लाल, साइबर सेल की टीम और अन्य पुलिसकर्मियों ने अहम भूमिका निभाई. पूरी कार्रवाई में कांस्टेबल प्रताप सिंह का योगदान विशेष रहा.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *