लिव-इन कपल ने की आत्महत्या, एक ही फंदे पर दी जान

जोधपुर, 18 सितम्बर (Udaipur Kiran News). शहर के माता का थान थाना क्षेत्र स्थित मंदिरवाला बेरा इलाके में लिव-इन में रह रहे एक युगल ने किराए के कमरे में फंदा लगाकर सामूहिक आत्महत्या कर ली. दोनों ने मरने से पहले सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें लिखा कि वे अपनी मर्जी से जान दे रहे हैं और किसी को परेशान न किया जाए. घटना मंगलवार रात की है.

live-in couple suicide

माता का थान थानाधिकारी मानाराम ने बताया कि मंदिरवाला बेरा क्षेत्र में प्रेम सांखला का मकान है, जहां 42 वर्षीय मोहन सोनी पुत्र राधाकृष्ण सोनी और उम्मेद चौक निवासी अनुराधा पुत्री गुमानसिंह लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. इनके पास कोर्ट से बने लिव-इन दस्तावेज भी मौजूद थे.

पुलिस को मंगलवार रात सूचना मिली कि उनका कमरा बंद है और काफी देर से दरवाजा नहीं खोला गया. इस पर टीम मौके पर पहुंची. दरवाजा खोलने पर दोनों के शव एक ही पंखे के हुक से साड़ी के सहारे लटके मिले.

थानाधिकारी के अनुसार कमरे से मिला सुसाइड नोट उनकी मर्जी से आत्महत्या करने की पुष्टि करता है. मृतक मोहन सोनी टैक्सी चलाता था, जबकि अनुराधा पूर्व में शादीशुदा थी.

मामले में मृतक मोहन के भांजे दिलीप पुत्र नैनाराम सोनी निवासी मेड़शा सिटी, खाखडक़ी ने मर्ग दर्ज कराई. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है.

Leave a Comment