Skip to content
Wednesday, 28 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

16 चक्का ट्रक से ₹96 लाख कीमत के डोडा चूरा और अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

जयपुर, 1 अक्टूबर (Udaipur Kiran News). Rajasthan पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹96 लाख कीमत की खेप जब्त की है. टीम ने Madhya Pradesh से आ रहे एक 16 चक्का ट्रक को नसीराबाद में रोककर 625 किलो से अधिक डोडा चूरा और 645 ग्राम अफीम बरामद की. पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया.

AGTF Rajasthan action

खुफिया इनपुट पर हुई त्वरित कार्रवाई
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन के निर्देशन, उपमहानिरीक्षक दीपक भार्गव के सुपरविजन और एएसपी सिद्धांत शर्मा के नेतृत्व में एजीटीएफ टीम को लंबे समय से सक्रिय तस्करों पर नजर रखने के लिए लगाया गया था.
इस दौरान हेड कांस्टेबल महावीर सिंह को सूचना मिली कि नोखा निवासी ट्रक चालक आईदान राम Madhya Pradesh से लगातार डोडा चूरा की तस्करी कर रहा है. तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी से पुष्टि होने पर पुलिस ने नसीराबाद क्षेत्र में नाकाबंदी की योजना बनाई.

नाकाबंदी में दबोचा गया ट्रक, बरामद हुआ भारी माल
सूचना की पुष्टि होते ही नसीराबाद थाना पुलिस को अलर्ट कर नाकाबंदी कराई गई. जांच के दौरान ट्रक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 36 कट्टों में छिपाकर रखा गया 625 किलो 600 ग्राम डोडा चूरा और 645 ग्राम अफीम बरामद हुई.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक आईदान राम जाट (47) पुत्र गंगाराम, निवासी नोखा (बीकानेर) को गिरफ्तार किया. बरामद मादक पदार्थों की कुल बाजार कीमत लगभग ₹96 लाख आंकी गई है.

फंडिंग और नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों, फंडिंग और सप्लाई चैन की जानकारी जुटा रही है.

AGTF का सात महीनों में रिकॉर्ड प्रदर्शन
एएसपी सिद्धांत शर्मा के नेतृत्व में एजीटीएफ टीम पिछले 7 महीनों में अब तक लगभग ₹15 करोड़ कीमत का 100 क्विंटल से अधिक डोडा चूरा जब्त कर चुकी है. इससे पहले टीम ने दौसा, चाकसू और नागौर में भी बड़ी खेपें पकड़ी थीं.

टीम का सराहनीय योगदान
इस अभियान में हेड कांस्टेबल महेश सोमरा, महावीर सिंह, एएसआई शंकर दयाल शर्मा, एसआई प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल हेमन्त शर्मा, और कांस्टेबल देवेन्द्र, जितेंद्र, गंगाराम, गोपाल धाभाई, विजय, चालक दिनेश शर्मा और नोखा से कांस्टेबल तेजाराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *