जयपुर सहित आधा दर्जन शहरों में हल्की से मध्यम बारिश, अगले चार दिन मौसम रहेगा बदला-बदला
जयपुर, 2 अक्टूबर (Udaipur Kiran News). बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसमी तंत्र के प्रभाव से Rajasthan के उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में बारिश का दौर लगातार जारी है. गुरुवार को जयपुर सहित करीब आधा दर्जन शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार यह बारिश का सिलसिला अगले चार दिन और जारी रह सकता है.

मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को जयपुर, जोधपुर, नागौर, अलवर, धौलपुर और करौली में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज हुई. विभाग का अनुमान है कि राज्य के विभिन्न भागों में अगले 3 से 4 दिन तक हल्की बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी. इसके बाद 5 से 7 अक्टूबर के बीच बारिश की तीव्रता में दोबारा बढ़ोतरी होगी. इस दौरान बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर, अजमेर और जयपुर संभाग में मेघगर्जन, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है.
बुधवार को प्रदेश में सर्वाधिक वर्षा मेड़ता सिटी (नागौर) में 38 मिमी दर्ज की गई. वहीं श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री दर्ज किया गया.
जयपुर में गुरुवार को सुबह से ही हल्के बादल छाए रहे. दोपहर बाद मौसम में बदलाव आया और घने बादलों के साथ हल्की बारिश हुई. इस बारिश ने रावण दहन का मजा कुछ हद तक प्रभावित किया. जयपुर में 1.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई.
शहर के दिन के तापमान में 1.7 डिग्री और रात के तापमान में 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई. जयपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री रहा.



