Skip to content
Monday, 26 October 2026
BREAKING
RAJASTHAN

नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, दक्षिणी राजस्थान में सक्रिय रहेगा मानसून

जयपुर, 3 अक्टूबर (Udaipur Kiran News). बंगाल की खाड़ी में बने नए तंत्र के प्रभाव से पूर्वी और दक्षिणी Rajasthan में बारिश का दौर जारी है. शुक्रवार को नागौर सहित आठ शहरों में वर्षा दर्ज की गई, जिसमें नागौर में सबसे अधिक करीब तीन इंच बारिश हुई. वहीं, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 5 और 6 अक्टूबर को प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

weather forecast

मौसम विभाग के अनुसार सीकर, उदयपुर, जोधपुर, नागौर, प्रतापगढ़, राजसमंद, चित्तौड़गढ़ और झालावाड़ में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. नागौर जिले में कई स्थानों पर तेज वर्षा हुई. वहीं, अधिकतम तापमान 37 डिग्री के साथ फलौदी सबसे गर्म रहा, जबकि 26.8 डिग्री के साथ जैसलमेर की रात सबसे गर्म दर्ज की गई.

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 3 और 4 अक्टूबर को जोधपुर, उदयपुर, अजमेर, कोटा और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है.

5 अक्टूबर से सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में दोपहर बाद तेज मेघगर्जन, 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है. इस दौरान बीकानेर संभाग और शेखावाटी के कुछ भागों में भारी वर्षा की संभावना है.

6 अक्टूबर को विक्षोभ का असर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रहेगा. जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में मेघगर्जन, बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. वहीं, शेखावाटी और बीकानेर में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की भी प्रबल संभावना है.

7 अक्टूबर को भी जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. हालांकि, 8 अक्टूबर से अगले सप्ताह तक राज्य के अधिकांश भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहने की संभावना जताई गई है.

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *