कोटा में पटवारी प्रधान चौधरी 45 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

जयपुर, 15 अक्टूबर 2025 (Udaipur Kiran News) . भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने कोटा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी प्रधान चौधरी को ₹45,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. आरोपी पटवारी पटवार हल्का कैथुदा, उप तहसील खातौली, जिला कोटा में पदस्थ था.

Patwari Pradhan Chaudhary

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की अतिरिक्त महानिदेशक श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि कोटा एसीबी स्पेशल यूनिट को परिवादी से एक शिकायत प्राप्त हुई थी. शिकायत में कहा गया कि पटवारी प्रधान चौधरी द्वारा परिवादी की ग्राम बगावड़ा, पटवार हल्का कैथुदा स्थित कृषि भूमि की पैमाइश (नपाई) करवाने के बदले ₹50,000 रिश्वत मांगी जा रही थी.

शिकायत के बाद एसीबी की सत्यापन कार्रवाई

शिकायत पर एसीबी रेंज कोटा के प्रभारी उप महानिरीक्षक आनंद शर्मा के सुपरविजन और एसीबी स्पेशल यूनिट के अतिरिक्त Superintendent of Police मुकुल शर्मा के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक पृथ्वीराज मीणा द्वारा 19 सितंबर 2025 को शिकायत का सत्यापन किया गया.
सत्यापन के दौरान पटवारी ने वास्तव में ₹50,000 की रिश्वत की मांग की और ₹5,000 अग्रिम के रूप में प्राप्त किए. उसने शेष राशि दीपावली से पहले देने की बात कही थी.

ट्रैप कार्रवाई में रंगे हाथों गिरफ्तारी

आज 15 अक्टूबर को एसीबी टीम ने ट्रैप कार्रवाई आयोजित की. कार्रवाई के दौरान पटवारी प्रधान चौधरी को ₹45,000 नकद रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया. मौके से रिश्वत राशि बरामद कर ली गई है.

एसीबी के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.