दक्षिण 24 परगना, 15 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) . दक्षिण 24 परगना जिले में बकखाली के पास हुए एक ट्रॉलर दुर्घटना के बाद बुधवार को एक मछुआरे का शव बरामद किया गया. पुलिस और प्रशासन ने 16 मछुआरों को सुरक्षित निकाल लिया है, जबकि एक मछुआरा अभी भी लापता है. लापता मछुआरे की तलाश जारी है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को हरीपुर के लालगंज से 23 मछुआरे तीन ट्रॉलरों में समुद्र में मछली पकड़ने के लिए निकले थे. रात को वे बकखाली के समुद्र तट से 35 किलोमीटर दूर बंगाल की खाड़ी में पहुंचे. वहां का पानी उथला था. वहीं ट्रॉलर मंगलचंडी में 18 मछुआरे समुद्र में डूबने लगे. इस दौरान 16 मछुआरों को दूसरे ट्रॉलर में चढ़कर अपनी जान बचाने में सफलता मिली.
फ्रेज़रगंज कोस्टल पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह 37 वर्षीय कमल जानार का शव मिला. वहीं, 27 वर्षीय देवनाथ कर अभी भी लापता हैं. प्रशासन ट्रॉलर को किनारे लाकर जांच करेगा कि कहीं मछुआरे ट्रॉलर के डेक में दबे तो नहीं हैं. लापता मछुआरा फ्रेज़रगंज के देवनीवास के निवासी हैं. जिन 16 मछुआरों को बचाया गया है, उन्हें किनारे लाकर स्वास्थ्य जांच के लिए भेजा जाएगा.
एक अन्य घटना में, नेपाल से आए मछुआरे विशाल तिमसिना (30) का नामखाना में डूबने से निधन हो गया. विशाल नेपाल के टीचरम के निवासी थे और मछुआरी का काम कर रहे थे.
मिली जानकारी के अनुसार, हातानिया-द्वानिया नदी में खड़े ट्रॉलर एफ-बी भद्रकाली में सवार होने के लिए नाव नहीं थी. मजबूरी में विशाल ने साथी मछुआरे के साथ ट्रॉलर तक पहुंचने के लिए नदी में तैरना शुरू किया, लेकिन तेज धारा में वह डूब गए. उनका शव बाद में नदी में तैरता हुआ मिला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया.
—————
(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय