
सुलतानपुर, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) . Uttar Pradesh में जिला सुलतानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट में मंगलवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी मामले में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ गवाह रामचंद्र दुबे का बयान दर्ज किया गया. कोर्ट ने शेष जिरह के लिए अगली तारीख 6 जनवरी 2026 तय की है.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ल ने गवाह रामचंद्र दुबे से जिरह की. जिरह पूरी न होने के कारण कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए छह जनवरी 2026 की तारीख निर्धारित की. हनुमानगंज निवासी भाजपा नेता विजय मिश्रा ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था. उन्होंने आरोप लगाया था कि 2018 के कर्नाटक चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर अभद्र टिप्पणी की थी. इस मामले में पांच साल से अदालती कार्यवाही चल रही है.
इससे पहले दिसंबर 2023 में राहुल गांधी के पेश न होने पर तत्कालीन जज ने उनके खिलाफ वारंट जारी किया था. फरवरी 2024 में राहुल गांधी ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद विशेष मजिस्ट्रेट ने उन्हें 25-25 हजार रुपये के दो मुचलकों पर जमानत दी थी. 26 जुलाई 2024 को राहुल गांधी ने कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया था, जिसमें उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए इसे राजनीतिक साजिश करार दिया था.
राहुल गांधी के बयान के बाद कोर्ट ने वादी को साक्ष्य प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था. तब से लगातार गवाह पेश किए जा रहे हैं. अब तक केवल एक गवाह से जिरह पूरी हो पाई है, जबकि दूसरे गवाह से जिरह जारी है. इस मामले में अक्सर हड़ताल और गवाहों की अनुपस्थिति के कारण कार्यवाही में देरी हो रही है.
—————–
(Udaipur Kiran) / दयाशंकर गुप्त