क्रिसमस पर बढ़ेगी ठंड, कोलकाता समेत बंगाल में मौसम सर्द

कोलकाता

कोलकाता, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) .

क्रिसमस के दौरान मौसम को लेकर राहत की खबर है. इस साल क्रिसमस पर कोलकाता और West Bengal के कई हिस्सों में ठंड का एहसास साफ तौर पर महसूस किया जाएगा.

पिछले करीब तीन हफ्तों से कोलकाता का न्यूनतम तापमान 14 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. मंगलवार रात न्यूनतम तापमान गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. दिन का तापमान भी सामान्य से करीब दो डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया. ऐसे में यह कहा जा सकता है कि इस बार बड़े दिन पर शहरवासी ठंड का आनंद ले पाएंगे.

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक किसी नए चक्रवात या निम्न दबाव के क्षेत्र के बनने की संभावना नहीं है. इस वजह से मौसम शुष्क रहेगा. शुष्क मौसम के चलते तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है. ठंड बढ़ने के साथ उत्तर बंगाल में कोहरे का प्रभाव बढ़ेगा. दक्षिण बंगाल के कुछ इलाकों में भी हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है. हालांकि, फिलहाल राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है.

दक्षिण बंगाल में बड़े दिन से पहले कुछ दिनों तक ठंड का असर बना रहेगा. कोलकाता समेत कई जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल सकता है. जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है. गुरुवार से तापमान में और गिरावट आने की संभावना है. न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस और गिरकर 13 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है.

इस मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन पिछले sunday को दर्ज किया गया था, जब कोलकाता का न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा. मौसम विभाग का कहना है कि इस सप्ताह यह रिकॉर्ड टूट सकता है. दक्षिण बंगाल के पश्चिमी जिलों में न्यूनतम तापमान आठ से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि तटीय और उससे सटे इलाकों में यह 12 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

उत्तर बंगाल की बात करें तो वहां अगले कुछ दिनों में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि कुछ इलाकों में तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट हो सकती है. दार्जिलिंग और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान चार से छह डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. उत्तर बंगाल के उत्तरी पांच जिलों में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि मैदानी जिलों में यह 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा.

आने वाले दो से तीन दिनों में दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचBihar, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर के कुछ इलाकों में अत्यंत घने कोहरे की संभावना जताई गई है. इससे दृश्यता काफी कम हो सकती है और इसका असर बागडोगरा हवाई अड्डे की सेवाओं पर भी पड़ने की आशंका है.

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Leave a Comment