
मथुरा, 24 दिसम्बर(Udaipur Kiran) . मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ ने बुधवार रेलवे परिसर से चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है.
जीआरपी प्रभारी यादराम सिंह ने बताया बरामद सामान जीआरपी मथुरा जंक्शन में दर्ज विभिन्न चोरी के मामलों से संबंधित है. बरामदगी में एक मोबाइल फोन, दो चांदी की चेन, एक जोड़ी ईयररिंग, एक चांदी का सिक्का और एक जोड़ी पायल शामिल हैं. गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रोहित (उम्र करीब 20 वर्ष), गुलशन (उम्र करीब 19 वर्ष) और राज (उम्र करीब 19 वर्ष) के रूप में हुई है. ये तीनों दिल्ली के विभिन्न इलाकों में रह रहे थे, जबकि इनके मूल पते हाथरस और एटा जनपद के हैं. पुलिस ने बताया कि अभियुक्त रोहित के खिलाफ जीआरपी मथुरा जंक्शन थाने में चोरी और रेलवे अपराधों के आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं. गुलशन और राज के खिलाफ भी बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामले पंजीकृत हैं. ये तीनों रेलवे यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे. जीआरपी मथुरा जंक्शन पुलिस की इस कार्रवाई से रेलवे यात्रियों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से आगे की पूछताछ जारी है, जिससे अन्य चोरी की घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है.
(Udaipur Kiran) / महेश कुमार