पानीपत: हनी ट्रैप : टाइल्स व्यापारी फंसा , गवांए आभूषण व नकदी

थाना चांदनी बाग पानीपत फाइल फोटो

पानीपत, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) . पानीपत में दो युवतियों ने रोहतक के एक टाइल कारोबारी को हनीट्रैप में फंसाकर उसका 20 तोले सोना और 50 हजार रुपए नकद हड़प लिया. सुबह होटल स्टाफ ने जगाया तो वारदात का पता चला. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों लड़कियों के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार रोहतक की जनता कॉलोनी निवासी युवक सज्जन का रोहतक में ही टाइल्स का होलसेल का कारोबार है. करीब 10 दिन पहले उनकी इंस्टाग्राम पर मुस्कान चौधरी नाम की एक आईडी से बातचीत शुरू हुई. युवती ने अपनी बाताें में उलझा लिया और उससे मिलने की इच्छा जताई.

टाइल कारोबारी के अनुसार, मुस्कान चौधरी उनसे मिलने के लिए होटल मन्नत हवेली, रोहतक पहुंची, जहां दोनों ने करीब 10 मिनट तक हरियाणवी सिंगर केडी का लाइव शो देखा. इसके बाद वह युवती अपने घर चली गई और कारोबारी भी लौट आए. कुछ दिनों बाद युवती ने उससे फिर संपर्क किया और घूमने चलने का प्रस्ताव रखा. कारोबारी ने पहले मना किया, लेकिन युवती अपनी सहेली गरिमा के साथ मिलने आई और दोनों ने उन्हें हरिद्वार चलने के लिए राजी कर लिया.

कारोबारी ने बताया कि 22 दिसंबर की रात वह अपनी कार में दोनों युवतियों को लेकर रोहतक से हरिद्वार के लिए निकले. रास्ते में घना कोहरा होने के कारण वे पानीपत के संजय चौक स्थित थार इन होटल में रुक गए. कारोबारी के अनुसार, उन्हें नशा हो गया वो बेसुध हो सो गए. जब दूसरे दिन होटल कर्मियों ने चेकआउट के लिए जगाया तो उन्होंने देखा कि उनके गले से सोने की चेन, चार अंगूठियां, एक अंगूठे का छल्ला और करीब 50 हजार रुपए नकद गायब थे. होटल स्टाफ ने बताया कि दोनों युवतियां रात करीब तीन बजे होटल से चली गई थी.

टाइल कारोबारी ने बताया कि दोनों युवतियां उन्हें अपनी बातों में उलझाकर धोखे से करीब 20 तोले सोना और नकदी लेकर फरार हो गईं. उन्होंने परिवार के आने के बाद थाना चांदनी बाग, पानीपत में शिकायत दर्ज कराई. थाना चांदनी बाग पुलिस शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी और विश्वासघात का मामला दर्ज कर, दोनों युवतियों की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुट गई है.

—————

(Udaipur Kiran) / अनिल वर्मा

Leave a Comment