
मुंबई, 24 दिसंबर, (Udaipur Kiran) . एचएसएनसी विश्वविद्यालय के के.सी. कॉलेज, चर्चगेट में कंप्यूटर एप्लीकेशन्स विभाग के विद्यार्थियों की ओर से तकनीकी, खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव विजनेक्सा’25 का आयोजन किया गया. यह महोत्सव 23 एवं 24 दिसंबर को आयोजित किया गया. इसका उद्घाटन रामा एवं सुंदरी वट्टुमुल ऑडिटोरियम में हुआ. उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया. विजनेक्सा’25 का उद्देश्य विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करना था. महोत्सव का मुख्य केंद्र रोबोटिक्स रहा, जिसके माध्यम से अगली पीढ़ी के लिए तकनीक-आधारित भविष्य की परिकल्पना को साकार करने का प्रयास किया गया. महोत्सव के अंतर्गत हैकाथॉन, रोबोटिक्स प्रतियोगिताएं, स्टेम क्विज, तर्क एवं समस्या समाधान, फिफा, पबजी, बॉक्स क्रिकेट, टग ऑफ वॉर, ट्रेजर हंट, स्क्विड गेम एवं टैलेंट शो जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए. ये गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई थीं. विजनेक्सा’25 केवल एक महोत्सव नहीं, बल्कि युवाओं को भविष्य की तकनीकों से जोड़ने और नवाचार की दिशा में प्रेरित करने की एक सार्थक पहल साबित हुआ. इसके माध्यम से के.सी. कॉलेज का कंप्यूटर एप्लीकेशन्स विभाग ने संदेश दिया कि तकनीक, दृष्टि और संकल्प के साथ ही आने वाली पीढ़ी का उज्ज्वल भविष्य बनाया जा सकता है.
(Udaipur Kiran) / कुमार