
हरिद्वार, 24 दिसंबर (Udaipur Kiran) . लक्सर क्षेत्र में बुधवार को पेशी पर लाए गए एक कुख्यात आरोपित पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. सरेआम हुुई गोलीबारी की इस घटना से क्षेत्र में हडकंप मच गया. घायल आरोपित की पहचान विनय त्यागी के रूप में हुई है, जिसे कुख्यात अपराधी सुनील राठी का गुर्गा बताया जा रहा है. इस वारदात में सुरक्षा में तैनात पुलिस के दो सिपाही भी घायल हुए हैं.
जानकारी के मुताबिक वारदात को लक्सर फ्लाईओवर के पास अंजाम दिया गया. घायल विनय त्यागी को पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय में पेशी के लिए लाया जा रहा था. जैसे ही वे फ्लाईओवर के पास पहुंचे, वहां घात लगाकर बैठे हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगने से विनय त्यागी लहूलुहान होकर गिर पड़ा. बीच-बचाव और जवाबी कार्रवाई की कोशिश में दो पुलिस कांस्टेबल भी घायल हुए हैं.
गोलीबारी की इस घटना से क्षेत्र में हडकंप मच गया. वारदात के तुरंत बाद पुलिस कर्मियों ने घायल विनय त्यागी को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है. घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा.
पुलिस ने घटना के बाद आरोपितों की धरपकड़ के लिए जिले के सभी बॉर्डर सील कर दिए हैं. हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.
(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला